आंधी बारिश से 5 डिग्री तक गिरा पारा, तेज गर्मी से मिली राहत,दक्षिण-पूर्वी भागों में 17 से चलेगी हीटवेव
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दो दिन से चल रहे आंधी-बारिश के दौर से आमजन को तेज गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के शहरों के पारे में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को 17 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार रहा। फलौदी शहर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। आंधी-बारिश का दौर थमते ही एक बार फिर पारा बढऩे लगेगा और 17 मई को दक्षिण-पूर्वी भागों में हीटवेव देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार देर रात तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला। इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारे में गिरावट देखी गई। फलौदी के अलावा चित्तौडग़ढ़ का पारा 44.2 और वनस्थली का 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों का पारा सामान्य के आस-पास या उससे नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन , आंधी के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक वर्षा सांभर (जयपुर) में 13 मिलीमीटर दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 1-5 डिग्री तक गिरावट होने व 17 मई से पुन: तापमान में बढ़ोतरी होने व पश्चिमी राजस्थान में तीव्र हीटवेव का दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है। शुक्रवार को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र , जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 प्रतिघंटे) व हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
गुरुवार देर रात तक जयपुर में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला। आंधी से कई जगहों पर पेड़, टीनशेड,बिजली पोल आदि उखड़ गए। इसके चलते शुक्रवार दोपहर तक जयपुर के आस-पास के इलाके में बिजली गुल रही। आंधी-बारिश के चलते जयपुर के तापमान में दो डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में शुक्रवार को दिनभर धूप खिली और मध्यम गति की हवाएं चली। जयपुर के दिन और रात के तापमान में 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.7 और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश