राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू, जैसलमेर में लगातार दूसरे दिन पारा 40 डिग्री पार
जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान से मानसून की विदाई का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया। बीकानेर संभाग के सभी जिलों के साथ झुंझुनूं जिले और सीकर व नागौर के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के कुछ और इलाकों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर गर्म तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को पूरे राज्य में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। धूप के कारण कई इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी महसूस हुई। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में गर्मी का असर अधिक रहा तथा अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया।
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी जैसलमेर में रही। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। लगातार यह दूसरा दिन है, जब जैसलमेर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा है।
वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान में कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। आगामी चार दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की विदाई के दूसरे चरण में राजस्थान के साथ पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के करीब आधे हिस्से से भी मानसून विदा हो चुका है। राजस्थान में आने वाले दिनों में मानसून की विदाई का दायरा और बढ़ने की संभावना है। इस वर्ष मानसून का प्रभाव प्रदेश में अपेक्षाकृत कमजोर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित