महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
जोधपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में एक नवंबर को आयोजित होने वाली वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली की तैयारियों को लेकर जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के शास्त्री नगर एवं सर्राफा बाजार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक गांधी वाटिका सरदारपुरा में आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री कुश गहलोत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक मनीषा पंवार उपस्थित रहीं। बैठक को संबोधित करते हुए कुश गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा और मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा संगठन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और जनहित के लिए संघर्ष का इतिहास रहा है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संगठन को मजबूत बनाए और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कर दिल्ली महारैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक सराफा बाजार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अख्तर खान सिंधी एवं शास्त्री नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनिवास गोदारा सहित पार्षद नरेश जोशी, गणपत सिंह चौहान, लियाकत अली रंगरेज एडवोकेट प्रकाश सुथार सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश