किशनपोल अस्पताल में मेगा रक्तदान शिविर: जरूरतमंदों के लिए जुटेगा रक्त
जयपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सैटेलाइट अस्पताल, किशनपोल, जयपुर-प्रथम में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने आमजन से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर रक्तदान करें और जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में अपना योगदान दें।
डॉ. शेखावत ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है और समय पर रक्त उपलब्ध होना कई बार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।
उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन से शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में मुस्कान और उम्मीद ला सकता है।
डॉ. शेखावत ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सैटेलाइट अस्पताल किशनपोल पहुंचकर रक्तदान करें और इस जनसेवा अभियान को सफल बनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश