रामजल सेतु लिंक परियोजना को गति देने के निर्देश

 


जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रामजल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना) को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण जल परियोजना है, जिसे मिशन मोड में समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की डीपीआर का तकनीकी परीक्षण केन्द्रीय जल आयोग द्वारा पूरा किया जा चुका है, ऐसे में अब वित्त पोषण के लिए पीआईबी नोट को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए और केन्द्र सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के विभिन्न घटकों में तेजी लाई जाए और इससे जुड़ी पेयजल आपूर्ति जल्द शुरू की जाए।

उन्होंने परियोजना की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के लिए मंत्री एवं मुख्यमंत्री स्तर पर बैठकें आयोजित करने और मासिक प्रगति रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने परियोजना से प्रभावित लोगों को समय पर उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। मुख्यमंत्री ने बीसलपुर से मोर सागर (अजमेर), ईसरदा से बंध बारैठा (भरतपुर), ईसरदा से रामगढ़ (जयपुर), खुरा चैनपुरा से जयसमंद (अलवर) तथा ब्राह्मणी बैराज से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साथ ही परियोजना के विभिन्न घटकों के अलाइनमेंट की भी समीक्षा की।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि नवनेरा बैराज और ईसरदा बांध का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा रामगढ़ और महलपुर बैराज के कॉफर डेम एवं ड्रेनेज फीडर का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही नवनेरा बैराज से मेज एनीकट, गलवा बांध और बीसलपुर क्षेत्र तक फीडर निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई।

बैठक में जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अभय कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना राज्य में जल उपलब्धता और पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी, इसलिए सभी कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित