सांवलियाजी मंदिर कर्मचारी एकता यूनियन की बैठक संपन्न, अशोक तिवारी अध्यक्ष मनोनीत
चित्तौड़गढ़, 26 मई (हि.स.)। प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी एकता यूनियन की बैठक सोमवार को यशोदा विहार धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में सर्व सम्मति से अशोक तिवारी को एक बार पुनः अध्यक्ष चुना गया। बैठक पूर्व महामंत्री छोटूलाल भट्ट की अध्यक्षता में हुई।
मंदिर की यशोदा विहार धर्मशाला में हुई बैठक में सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे। अन्य कर्मचारियों ने फोन पर सहमति जताई कि नई कार्यकारिणी को लेकर जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह सर्वमान्य होगा। पिछली बैठक 25 फरवरी 2026 को नंद निकेतन धर्मशाला में हुई थी। उसमें अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारी मांगी गई थी। केवल अशोक कुमार तिवारी का ही नाम प्रस्ताव में आया। सोमवार शाम को हुई बैठक में सर्वसम्मति से अशोक कुमार तिवारी को कर्मचारी एकता यूनियन का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों का मनोनयन आपसी सहमति से अगली बैठक में किया जाएगा। बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष मिट्ठूदास वैष्णव, रणजीत सिंह, गोपाल, प्रेमचंद, नारायण लाल, जगदीश, सुनील जैन, दिनेश शर्मा, विनोद, रेखा सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल