पीएचडी व अनुसंधान प्रक्रियाओं में सुधार संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा

 


आयुर्वेद विवि में अनुसंधान बोर्ड की बैठक आयोजित

जोधपुर, 11 जून (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की अध्यक्षता में अनुसंधान बोर्ड (रिसर्च बोर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध संस्थानों में संचालित पीएचडी कार्यक्रमों से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं शोध गुणवत्ता संवर्धन विषयों पर विस्तृत चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में पीएचडी शोध निर्देशन के लिए न्यूनतम योग्यताओं के निर्धारण, संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों को शोध मार्गदर्शक के रूप में मान्यता प्रदान करने, विश्वविद्यालय के बाहर के विशिष्ट विशेषज्ञों को शोध मार्गदर्शन से जोडऩे तथा शोधार्थियों के विषय परिवर्तन से संबंधित प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके अतिरिक्त पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया 2025-26 के अनुमोदन, इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी की कार्यवाही तथा विभिन्न शोध संबंधी आवेदनों पर भी चर्चा की गई। अनुसंधान बोर्ड ने पीएच.डी. कोर्सवर्क परीक्षा हेतु नवीन पाठ्यक्रम लागू करने, प्रवेशित शोधार्थियों के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता, संबद्ध पीएचडी शोध केंद्रों के निरीक्षण तथा शोध केंद्रों की संबद्धता से जुड़े विषयों पर भी विचार किया।

बैठक में आयुर्वेद महाविद्यालय उदयपुर, स्नातकोत्तर विभाग पीजीआईए जोधपुर तथा प्रदेश के होम्योपैथिक महाविद्यालयों से प्राप्त विभिन्न शोध परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई।

बैठक में पीएचडी शोध कार्यों को पबमेड, स्कोपस एवं वेब ऑफ साइंस में अनुक्रमित प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित करने, शोध कार्यों के पेटेंट, प्लेजरिज्म जांच की अनिवार्यता तथा शोध गुणवत्ता सुनिश्चित करने संबंधी विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के दिन रिसर्च प्रोफेसर देवेंद्र सिंह चाहर ने कुलगुरु सहित सभी सदस्यों का स्वागत अभिनंदन किया, साथ ही बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया।

अनुसंधान बोर्ड की बैठक में पीजीआईए प्राचार्य प्रोफेसर चंदन सिंह, मदन मोहन मालवीय आयुर्वेद महाविद्यालय उदयपुर के प्राचार्य प्रोफेसर अशोक कुमार शर्मा, एम्स जोधपुर के पूर्व प्रोफेसर प्रोफेसर पीपी शर्मा, आईटीआरए जामनगर के प्रोफेसर मंदीप, बीकानेर होम्योपैथी महाविद्यालय के प्रोफेसर अतुल सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजाराम अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश