आबूराज को मिलेगी 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात : मुख्यमंत्री
सिरोही, 21 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को आबूराज में आयोजित आबूपर्वत विकास समिति की बैठक में अधिकारियों को आबूराज के पर्यटन, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व के अनुरूप समग्र विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबूराज में शहरी विकास, सड़क, पार्किंग और आवागमन की विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यहां पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और अधिकाधिक पर्यटक आकर्षित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी-विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ आबूराज के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विकास कार्यों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए संभागीय आयुक्त और मुख्य सचिव को इसकी निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने नक्की झील के सौंदर्यकरण, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन, सीढ़ियों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आबूराज ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रही है और इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इसके लिए क्षेत्र के मंदिरों का सूचीकरण कर उन्हें पर्यटन सर्किट से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने आबूराज को क्लीन एवं ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए इसे स्वच्छता युक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पर्यावरणीय और सांस्कृतिक विशिष्टताओं को सुरक्षित रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी के तहत टोकन प्रणाली को पूर्ण पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन लागू करने तथा निर्माण सामग्री के आवागमन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विवेकानंद पार्क के सौंदर्यकरण, गुरु शिखर के विकास एवं सुदृढ़ीकरण, अर्बुदा माता मंदिर और दत्तात्रेय मंदिर के विकास कार्यों, ईवी वाहनों को बढ़ावा देने तथा भारत माता नमन स्थल को ‘नमो उद्यान’ के रूप में विकसित करने सहित विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के माध्यम से आबूराज को इको-फ्रेंडली, क्लीन-ग्रीन और स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आबूराज को 100 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिलेगी।
उन्होंने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी के लिए आबूपर्वत विकास समिति की बैठकें निरंतर आयोजित की जाएंगी। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री ने आबूराज में प्रस्तावित विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली।
बैठक में पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं पर्यावरण) आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (नगरीय विकास) आलोक गुप्ता, स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन, पर्यटन विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, संबंधित विभागों के मंत्री और अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित