पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील समर्थकों सहित भाजपा में शामिल
जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीगंगानगर के पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील ने अपने दर्जनभर से अधिक समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया और प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने नए सदस्यों का स्वागत किया।
मदन राठौड़ ने कहा कि पृथ्वीराज मील सहित समाज के जागरूक लोगों का भाजपा से जुड़ना संगठन के लिए उत्साहजनक है। समाज के प्रतिनिधि अपनी संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
राठौड़ ने बताया कि पृथ्वीराज मील ने पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए अपनी टीम के साथ सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की सीमा से जुड़े क्षेत्रों में भाषाई और सामाजिक समानताओं के चलते समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी पार्टी के लिए उपयोगी होगी। राजस्थान में पंचायत चुनावों के दौरान भी उनकी संगठनात्मक क्षमता का लाभ मिलेगा। इससे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच धर्मपाल बेनीवाल, जमीदारा छात्र संगठन श्रीगंगानगर के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप मटोरिया, शब्बीर खान, संजय अग्रवाल, अंकुर छाबड़ा, कमल रेगर, डालाराम नायक, महेंद्र जाखड़, राजीव मेहता, महावीर बेनीवाल और पवन सारस्वत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश