अब संस्कृत बनेगी संवाद की भाषा : एमडीएसयू में 15 दिवसीय विशेष कक्षा

 


अजमेर, 1 जून (हि.स.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत संस्कृति तथा संवादात्मक संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए 15 दिवसीय संस्कृत संभाषण कक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह कक्षा 15 जून 2026 से संस्कृत विभाग, कुबेर भवन में प्रारंभ होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्कृत भाषा को सरल, सहज एवं व्यवहारिक रूप में जन-जन तक पहुँचाना है। सरल संस्कृत, सहज संस्कृत, बोलचाल की संस्कृत की थीम पर आधारित यह प्रशिक्षण युवाओं, विद्यार्थियों एवं संस्कृत प्रेमियों को दैनिक जीवन में संस्कृत बोलने के लिए प्रेरित करेगा।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान एवं जीवन मूल्यों की संवाहक है। संस्कृत संभाषण के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का यह महत्वपूर्ण प्रयास है। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को संस्कृत वाचन, लेखन, पठन एवं दैनिक संवाद का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। कक्षा की अवधि प्रतिदिन लगभग डेढ़ घंटे रहेगी तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष