महंगाई, बेरोजगारी व पेपर लीक के मुद्दों पर प्रस्ताव पारित

 


एमसीपीआईयू की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित

जोधपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। भारत की माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी यूनाइटेड (एमसीपीआईयू) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का शुभारंभ शुक्रवार को झंडारोहण के साथ हुआ। बैठक का विधिवत उद्घाटन पार्टी के वरिष्ठ पोलित ब्यूरो सदस्य कुलदीप सिंह ने किया। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक एवं संगठनात्मक परिस्थितियों पर विस्तार से विचार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक एम. ओंकार ने छात्रों, युवाओं, मजदूरों एवं किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने देशभर में चल रहे जन आंदोलनों का उल्लेख करते हुए एकता और संघर्ष के संकल्प के साथ उनमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

बैठक में जयपुर, जोधपुर, अलवर, कोटा, भवानीमंडी, बेगूं, पाली, ब्यावर, उदयपुर, बाड़मेर और जैसलमेर सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान गोपीकिशन, ब्रजकिशोर, नदीम खान, हबीबुर्रहमान, वहीदुदीन, रामपाल सैनी, रमेश चतुर्वेदी, महेंद्र नैह, टीएन तिवारी, रामचंद्र, लीला शर्मा, गंगासिंह मेडतिया, दयालराम, सोपालराम सहित अनेक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मजदूरों, किसानों, छात्रों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए संगठन को एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया।

बैठक के समापन पर प्रदेशाध्यक्ष रामपाल सैनी ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश