महापौर सड़क किनारे कचरे का ढेर देखकर रुके, मौके पर खड़े रहकर करवाई सफाई
जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम महापौर सुनील कोठारी मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्याधर नगर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे कचरे का ढेर देखकर उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया और अपना वाहन रुकवाकर मौके का निरीक्षण किया।
महापौर कोठारी ने मौके पर ही संबंधित उपायुक्त को फोन कर निर्देश दिए। सीएसआई एवं सफाई टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर जेसीबी, डंपर सहित अन्य संसाधनों की सहायता से कचरे के ढेर की सफाई करवाई। जिस स्थान पर कचरा एकत्रित होने से डिपो जैसी स्थिति बन गई थी, वहां तत्काल सफाई करवाकर कचरे को हटाया गया।
महापौर की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि शहर की स्वच्छता नगर निगम की प्राथमिकता है और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का जमाव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ-साथ आमजन भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
नगर निगम आमजन से अपील करता है कि वे सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित कर स्वच्छ जयपुर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश