सी जोन बाइपास सड़क को चौड़ा करने का मामला, रोशन नगर ए-बी के बाशिंदो में आक्रोश

 




जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। आमजन को यातायात जाम से राहत देने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण

सी जोन बाइपास को चौड़ा करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए सड़क सीमा में आने वाले भूखंड-दुकान मालिकों को जेडीए ने नोटिस जारी कर खाली करने को कहा है। नोटिस मिलने से भूखंड मालिकों में खलबली मच गई। विशेष बात यह है कि सी जोन बाइपास पर जेडीए अप्रूव्ड कॉलोनी रोशन नगर ए व बी भी है। जेडीए द्वारा यहां के बाशिंदों को 160 फीट रोड पर भूखंड के नक्शे जारी किए है। भूखंड मालिकों को जेडीए ने 48 मीटर के हिसाब से जमीन अधिग्रहित करने के तहत उसके बीच आने वाले निर्माणों को अतिक्रमण मानते हुए हटाने के नोटिस जारी किए गए है।

जारी नोटिस के अनुसार उनके भूखंड के 20 फीट हिस्से को अतिक्रमण माना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 200 फीट बाइपास से सिरसी मोड़ तक करीब 4 किमी लम्बी सड़क को जेडीए चौड़ा करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए जेडीए ने भूखंड व दुकान मालिकों को नोटिस जारी किए है। नोटिस में 48 मीटर में सड़क चौडाई में आने वाले निर्माणों को हटाने को कहा गया है। बताया जा रहा है इसमें जेडीए अप्रूव्ड कॉलोनी रोशन नगर ए-बी के करीब 20 से 25 मकान प्रभावित हो रहे है। मौके पर किए गए सीमांकन और नोटिस के आधार पर जेडीए भूखंड का 20 फीट का हिस्सा अतिक्रमण माना गया है। मौके पर कार्रवाई में उपजे कन्फ्यूजन से लोगों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

सिरसी रोड निवासी राजेश कुमार ने बताया कि जेडीए की धोखाधड़ी को लेकर आगामी समय में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जरुरत पड़ी तो कोर्ट का रुख किया जाएगा। खिरणी फाटक निवासी पीडि़त हरफूल चौधरी ने बताया कि जेडीए हमारे साथ धोखा कर रहा है। नक्शे में रोड 160 फीट है और नोटिस भी उतने का ही दिया है, लेकिन नोटिस के तहत उनके भूखंड का 20 फीट हिस्सा प्रभावित हो रहा है। खातीपुरा निवासी बनवारी शर्मा ने बताया कि मैनें पाई-पाई जोड़कर यह भूखंड लिया था और अब जेडीए तय सीमा से ज्यादा चौडी सड़क बनाने के लिए उनके भूखंड का हिस्सा ले रहा है। इससे उन्हें काफी नुकसान होगा। कनकपुरा निवासी राधेश्याम ने बताया कि जेडीए ने हमें 160 फीट रोड पर भूखंड का पट्टा जारी किया है। जेडीए इस रोड को चौड़ा करने जा रहा है। इसके लिए 48 मीटर रोड के दायरे में आने वाले निर्माणों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया है। लेकिन डायमेशन में यह रोड 200 फीट बनती दिख रही है। ऐसे में हमारे भूखंड का 20 फीट हिस्सा अधिक जा रहा है। जेडीए के अधिकारी भी यहां पर 200 फीट चौडी सड़क बनाने की बात कह रहे है।

इस संंबंध में जोन-7 उपायुक्त अभिषेक गोयल का कहना है कि सी जोन बाइपास को चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए बीच में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। जोनल प्लान में सड़क 160 फीट, लेकिन जहां पर जेडीए ने भूखंड मालिकों से 200 फीट का कमिटमेंट कर रखा है वहां पर 200 फीट तक के अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश