बाबा बर्फानी तक पहुंचा सांवलिया सेठ की मठडी का प्रसाद, दीपांकर ने सातवीं बार की बाबा अमरनाथ यात्रा
चित्तौड़गढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। शहर के ब्रम्हपुरी निवासी दीपांकर भट्ट ने बाबा अमरनाथ की सातवीं बार वार्षिक यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की है। भट्ट ने इस बार चित्तौड़गढ़ के संजय सोनी और भावेश शर्मा के साथ यात्रा संपन्न की। इस यात्रा के दौरान भट्ट सांवलिया सेठ का प्रसाद मठडी भी साथ लेकर गए, जो भगवान को चढ़ाया।
जिले के भदेसर हाल चित्तौड़गढ़ शहर के निवासी दीपांकर भट्ट ने अपने साथियों के साथ पहलगाम मार्ग से यात्रा शुरू की। चंदनबाड़ी बेस कैम्प से पिस्सू टॉप, शेषनाग झील, गणेश टॉप, पंचतरणी होते हुए तीसरे दिन बाबा बर्फानी के दर्शन किए। यह करीब 30-32 किलोमीटर का पैदल मार्ग है। वापसी बालटाल मार्ग से हुई जिसकी दूरी 12-15 किलोमीटर है। भोले बाबा की कृपा से दीपांकर भट्ट ने पिछले पांच सालों में भारत में स्थित पांच कैलाश में से चार कैलाश की यात्रा भी पूर्ण कर ली है। इनमें मणिमहेश कैलाश चंबा, हिमाचल प्रदेश, आदि कैलाश चाइना बॉर्डर, उत्तराखण्ड, किन्नौर कैलाश तंगलिंग, हिमाचल प्रदेश तथा श्रीखंड कैलाश जाओ विलेज, हिमाचल प्रदेश की यात्रा पूरी हो गई है। अब भट्ट की आखिरी यात्रा कैलाश मानसरोवर, चाइना शेष है, जिसे वे अगले साल करने की योजना बना रहे हैं। दीपांकर भट्ट की लगन और आस्था को देखते हुए क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि की सराहना की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल