इलेक्ट्रिक वाहनों के दो शोरूम में भीषण आग, 40 वाहन जलकर खाक; ऑटो पार्ट्स शोरूम भी चपेट में

 




सीकर, 29 अगस्त (हि.स.)। सीकर में शनिवार तड़के इलेक्ट्रिक वाहनों के दो शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों शोरूम में रखे करीब 40 इलेक्ट्रिक वाहन जलकर खाक हो गए। आग ने पास स्थित हुंडई के ऑटो पार्ट्स शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। यहां स्पेयर पार्ट्स, एयर कंडीशनर समेत लाखों रुपये का सामान जल गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

एसएचओ राजाराम लेघा ने बताया कि सबसे पहले आग बीएस ऑटोमोबाइल शोरूम में लगी थी। देखते ही देखते आग ने पास स्थित बच्चन मोटर्स शोरूम को भी चपेट में ले लिया। बीएस ऑटोमोबाइल में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक, जबकि बच्चन मोटर्स में इलेक्ट्रिक ऑटो और ई-रिक्शा रखे हुए थे। दोनों शोरूम में करीब 40 इलेक्ट्रिक वाहन मौजूद थे, जो आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। पुलिस ने सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद करवाई, इसके बाद आसपास वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। दमकल की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

आग की लपटें पास स्थित हुंडई के ऑटो पार्ट्स शोरूम तक भी पहुंच गईं। वहां रखे स्पेयर पार्ट्स, एयर कंडीशनर और अन्य सामान जलने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम और ऑटो पार्ट्स शोरूम में आग से कुल करीब साढ़े 3 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित