पांच नवंबर को जयपुर में निकलेगी भाजपा की विशाल पदयात्रा

 


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा जयपुर शहर की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पांच नवंबर को प्रस्तावित विशाल पदयात्रा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पदयात्रा की रूपरेखा, विधानसभा एवं मंडलवार जिम्मेदारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। संगठन ने पदयात्रा में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।

बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर संभाग प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी, वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, अभियान के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व विधायक रामलाल शर्मा तथा भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित अनेक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुई।

मंजू शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र देश की एकता, अखंडता, शांति और नागरिक अधिकारों की रक्षा का आधार है। पदयात्रा के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विधानसभा, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अभियान के प्रदेश संयोजक रामलाल शर्मा ने कहा कि बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समन्वय, अनुशासन और समयबद्ध तैयारी जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से वास्तविक संगठनात्मक क्षमता के अनुसार कार्यकर्ताओं की संख्या निर्धारित करने, व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने और तय लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने तैयारियों में आने वाली समस्याओं की जानकारी समय रहते संबंधित पदाधिकारियों को देने पर भी जोर दिया।

श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि पदयात्रा के लिए रामलीला मैदान को एकत्रीकरण स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया है। यहां सभा और वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के बाद पदयात्रा शुरू करने की योजना है। प्रस्तावित मार्ग रामलीला मैदान से चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक रहेगा। करीब सवा किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान यातायात, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। इसमें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित केंद्र और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पदयात्रा के अलावा प्रमुख नागरिकों से संवाद, विचार गोष्ठियां, विद्यार्थियों और युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम, महाविद्यालयों में संवाद, प्रतियोगिताएं तथा मीडिया संपर्क जैसी गतिविधियां भी आयोजित करने की योजना है।

भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि संगठन में पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जवाबदेही का प्रतीक है। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को सौंपे गए दायित्व का निष्ठा से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा और वार्ड की वास्तविक क्षमता के अनुसार कार्यकर्ताओं की संख्या निर्धारित कर लक्ष्य पूरा करने के लिए निरंतर संपर्क और समन्वय बनाए रखा जाए।

गोयल ने मंडल अध्यक्षों, वार्ड प्रभारियों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों, जिला पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पदयात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित वरिष्ठ नेतृत्व की उपस्थिति प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश