एसएमएस अस्पताल में अंडकोष से निकाली 15 सेंटीमीटर की विशाल गांठ

 


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। सवाई मानसिंह अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने 62 वर्षीय मरीज के अंडकोष से विशाल एपिडिडीमल सिस्ट निकालने में सफलता हासिल की है। गांठ का आकार करीब 153×140×80 मिलीमीटर था। दौसा निवासी मरीज जंगली राम मीणा पिछले पांच साल से इस समस्या से परेशान थे। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और अब वह स्वस्थ है। चिकित्सकों ने इस सर्जरी को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए आवेदन भी भेजा है।

सर्जरी विभाग की अध्यक्ष डॉ. ऋचा जैन ने बताया कि मरीज लंबे समय से अंडकोष में गांठ की समस्या से पीड़ित था। गांठ का आकार काफी बड़ा होने के कारण दूसरे अस्पतालों में ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद मरीज ने एसएमएस अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सकों से परामर्श लिया।

जनरल सर्जरी विभाग की टीम ने मरीज की आवश्यक जांचें कराईं। जांच रिपोर्ट में गांठ का आकार करीब 153×140×80 मिलीमीटर सामने आया। इसके बाद चिकित्सकों ने 7 अक्टूबर को ऑपरेशन कर गांठ निकाल दी। सर्जरी टीम में डॉ. नरेंद्र शर्मा, डॉ. मोहम्मद साहिद, डॉ. ऐश्वर्या और डॉ. आशीष भारद्वाज शामिल रहे।

जनरल सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नरेंद्र शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज को एक सप्ताह तक निगरानी में रखा गया। इसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज को दो बार नियमित जांच के लिए भी बुलाया गया। अब उसकी स्थिति सामान्य है। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. कंचन चौहान और डॉ. सुनील चौहान के साथ नर्सिंग स्टाफ के कमलेश और हिम्मत सिंह ने सहयोग किया।

चिकित्सकों के अनुसार गांठ के असाधारण आकार को देखते हुए इस सर्जरी का विवरण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। हालांकि, रिकॉर्ड में इसकी आधिकारिक मान्यता मिलने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश