एकलव्य स्कूल में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में बच्चों ने लिए संस्कारों के संकल्प
जयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और जीवन मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से रामानन्द मिशन की ओर से शनिवार को निंदड़ मोड़, सीकर रोड स्थित एकलव्य स्कूल में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। ‘जय श्री राम’, ‘जय बजरंगबली’ और ‘जय हनुमान’ के उद्घोष से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में रामानन्द मिशन की अध्यक्षा श्रुति भारद्वाज, सचिव मयंक त्यागी, स्कूल शिक्षा परिवार के अध्यक्ष अनिल शर्मा, मेहता ग्रुप के चेयरमैन राधेश्याम मेहता, ऋषभ पारीक, रेनू राठौड़ और मेघा धानुका सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे। बच्चों को हनुमानजी के जीवन से बल, बुद्धि, साहस, अनुशासन, सेवा, समर्पण और विनम्रता की सीख लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने रोज माता-पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लेने, माता-पिता व शिक्षकों की बात मानने, मन लगाकर पढ़ाई करने और गृहकार्य समय पर पूरा करने का संकल्प लिया। साथ ही रोज खेल या व्यायाम करने, मोबाइल और गेम में अधिक समय नहीं बिताने, किसी दोस्त को परेशान या उसका मजाक नहीं उड़ाने, सच बोलने और अपनी गलती स्वीकार करने का भी संकल्प लिया। बच्चों ने दूसरों की मदद करने, कम अंक या हार से निराश नहीं होने, अगली बार अधिक मेहनत करने तथा सफलता मिलने पर अहंकार से दूर रहने का संकल्प भी लिया।
रामानन्द मिशन की अध्यक्षा श्रुति भारद्वाज ने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के मार्गदर्शन में रामानन्द मिशन देश के बच्चों को राष्ट्रप्रेम, सनातन संस्कृति, माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान से जोड़ने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में अनुशासन, सेवा, सत्य, मेहनत, परिवार के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी जरूरी है। सनातन संस्कृति की शिक्षा को बच्चों के दैनिक व्यवहार और आदतों से जोड़ने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से संकल्प दोहराए और सामूहिक पाठ में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन ‘जय श्री राम’, ‘जय बजरंगबली’ और ‘जय हनुमान’ के सामूहिक उद्घोष के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश