देशभर की माटी से जयपुर में बनेगा भारत का नक्शा: आजादी की वर्षगांठ पर दिखेगा एकता का संदेश
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जयपुर में ‘विविधता में एकता’ का अनूठा संदेश देखने को मिलेगा। उपभोक्ता संस्था केन्स के अध्यक्ष और ‘कंज्यूमर मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध डॉ. अनन्त शर्मा देश के 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से श्रद्धापूर्वक एकत्र की गई मिट्टी से जयपुर में भारत का नक्शा तैयार करेंगे। इस पहल के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने देशभर से मिट्टी का यह संकलन अपनी 20 हजार किलोमीटर लंबी ‘उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा’ के दौरान किया। यात्रा 24 दिसंबर 2025 से 16 मार्च 2026 तक चली। इसका शुभारंभ नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से भारत सरकार के उपभोक्ता मामले मंत्री प्रल्हाद जोशी ने किया था।
यात्रा के दौरान देश के 100 से अधिक शहरों में उपभोक्ता जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी दौरान डॉ. शर्मा ने विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की मिट्टी को श्रद्धापूर्वक एकत्र किया, जिसे अब जयपुर में भारत के नक्शे के रूप में सजाया जाएगा।
डॉ. अनन्त शर्मा के अनुसार किसी क्षेत्र की मिट्टी केवल माटी नहीं होती, बल्कि उसमें उस क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा, संघर्ष और लोगों का अटूट विश्वास समाहित होता है। इसलिए मिट्टी को सहेजना देश की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को सहेजने के समान है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता के साथ देश की अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान को एक सूत्र में जोड़ना भी जरूरी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लाई गई मिट्टी से बनने वाला भारत का नक्शा राष्ट्रीय अखंडता और ‘विविधता में एकता’ का जीवंत प्रतीक बनेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाली यह पहल देशवासियों को अपनी माटी, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जुड़ाव का संदेश देने के साथ एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को भी मजबूत करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश