मानसरोवर विराट सिंधु मेला 16 मार्च को
जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पूज्य सिंधी पंचायत समिति सेक्टर-12 अग्रवाल फार्म मानसरोवर एवं श्री झूलेलाल फाउंडेशन राजस्थान के तत्वावधान में मानसरोवर विराट सिंधु मेला-2026 का आयोजन 16 मार्च `को किया जाएगा। चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में यह मेला अग्रवाल फार्म स्थित एसएफएस सामुदायिक केंद्र में दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा।
श्री झूलेलाल फाउंडेशन के अध्यक्ष मुकेश कुमार लख्यानी ने बताया कि दोपहर 2 बजे शीश महल झूलेलाल मंदिर से भव्य ज्योत यात्रा निकाली जाएगी। जो मध्यम मार्ग से होते हुए एसएफएस सामुदायिक केंद्र पहुंचेगी। यहां श्री अमरापुर स्थान के संत सांई मोनू राम जी महाराज एवं संत मंडली के सान्निध्य में ज्योत प्रज्ज्वलन और ध्वजारोहण होगा।
मेले में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विशेष आकर्षण के रूप में इंडियन आइडल फेम मोहित शेवानी का लाइव कॉन्सर्ट पहली बार जयपुर में आयोजित होगा। वे अपनी टीम के साथ ‘जर्नी ऑफ सिंधीज’ की संगीतमय प्रस्तुति देंगे, जो सिंध, सिंधी और सिंधियत की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 7:15 बजे से शुरू होंगे।
मेले में सिंधु संस्कृति को दर्शाती झांकियां, भगवान झूलेलाल चित्र रंग भरो प्रतियोगिता तथा सिंधी व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अप्रैल 2025 के बाद जन्मी नवजात बालिकाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन श्री अमरापुर स्थान पर परम पूज्य सद्गुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर समिति के मनोज तेजवानी, किशोर सचदेवा, अर्जुनदास चंदानी, प्रेम मेघानी, मनोज लखवानी, जय कुमार, किशोर बाबा, मनोज आलवानी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश