‘मन की बात’ से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मिलती है नई ऊर्जा: दीया कुमारी
जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को लाइव सुना। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देशवासियों के साथ साझा किए गए महत्वपूर्ण विषयों और प्रेरणादायी विचारों को सुना।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण, देश के गौरवशाली इतिहास एवं विरासत के संरक्षण, नवाचार और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने और जनभागीदारी की शक्ति को नई दिशा देने वाला सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों और समाज के सकारात्मक प्रयासों को सामने लाने के साथ नागरिकों को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण, हमारी ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण, नवाचार और जनभागीदारी जैसे विषय देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री इन विषयों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश