प्रो. प्रेरणा पुरी को मिला प्रतिष्ठित ‘प्रो. मंजू ठाकुर लीडरशिप अवॉर्ड’

 


जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. प्रेरणा पुरी को भारत में स्कूल मनोविज्ञान सेवाओं के क्षेत्र में उनके सराहनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘प्रो. मंजू ठाकुर लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके व्यक्तिगत समर्पण और उल्लेखनीय कार्यों की पहचान होने के साथ-साथ देश में मानसिक स्वास्थ्य, विशेष शिक्षा एवं बाल मनोविज्ञान के क्षेत्र को सुदृढ़ आधार प्रदान करने की उनकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

प्रो. पुरी को यह सम्मान चेन्नई स्थित प्रतिष्ठित एन.के.टी. नेशनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वीमेन में आयोजित 16वें आईएनएसपीए (इंडियन स्कूल साइकोलॉजी एसोसिएशन) अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। तीन दिवसीय यह सम्मेलन 5 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित हुआ। सम्मेलन का मुख्य विषय “न्यूरोडाइवर्सिटी को सशक्त बनाना: विविधताओं का उत्सव, क्षमताओं को उजागर करना और समावेशन का निर्माण” रहा।

सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों—फिलिस्तीन, जापान, ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया—से आए लगभग 300 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन में स्कूल मनोविज्ञान, मानसिक स्वास्थ्य, समावेशी शिक्षा और न्यूरोडाइवर्सिटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया।

सम्मेलन के दौरान आईएनएसपीए के अध्यक्ष प्रो. पंचरामालिंगम ने आयोजन के उद्देश्यों और इसके वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे सम्मेलनों का उद्देश्य “भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर स्कूल मनोवैज्ञानिकों और परामर्शदाताओं का एक जीवंत वैश्विक समुदाय तैयार करना है, जो आपसी साझा सीख और सहयोग को बढ़ावा दे सके।”

प्रो. प्रेरणा पुरी को मिला यह सम्मान स्कूल मनोविज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। यह उपलब्धि राजस्थान विश्वविद्यालय के साथ-साथ प्रदेश के मनोविज्ञान एवं शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश