एक मई से बदल जाएंगे मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के नंबर
जोधपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी राजस्थान को राजधानी दिल्ली से जोडऩे वाली जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ट्रेन नंबरों में परिवर्तन किया गया है। यह परिवर्तन आगामी एक मई से प्रभावी होगा। साथ ही ट्रेन के प्राइमरी मेंटेनेंस की जिम्मेदारी पश्चिम रेलवे से बदलकर उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल को सौंपी जा रही है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 22996 जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर परिवर्तित कर 22491 किया जा रहा है, जो एक मई से प्रभावी होगा। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 22995 दिल्ली-जोधपुर का नंबर परिवर्तित कर 22492 किया जा रहा है, जो दो मई से प्रभावी होगा। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत उक्त ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस अब जोधपुर मंडल द्वारा किया जाएगा, जिससे संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इसके अतिरिक्त एक मई से ट्रेन की कोच संरचना में भी संशोधन किया जा रहा है। संशोधित संरचना के अनुसार ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें एक फस्र्ट एसी, दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, चार सामान्य श्रेणी (जनरल), एक पावर कार एवं एक गार्ड/ब्रेक वैन सम्मिलित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश