टॉय ट्रेन हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हाे- गहलाेत
जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। मंडोर गार्डन में टॉय ट्रेन की सवारी के दौरान 5 वर्षीय मासूम बच्ची अनायरा की मौत पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। अशोक गहलोत ने कहा कि जोधपुर विकास प्राधिकरण को इस हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
गहलोत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर प्रतिक्रिया लिखते हुए कहा कि जोधपुर के मंडोर उद्यान में टॉय ट्रेन के दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची अनायरा की मृत्यु होना बेहद दुखद है। जोधपुर विकास प्राधिकरण को इस हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और ऐसी एसओपी बनानी चाहिए ताकि इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति न हो साथ बच्चों की सुरक्षा के लिए सभी माकूल प्रबंध इस ट्रेन में करें। बच्ची के माता पिता के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश