सड़क सुरक्षा को आदत बनाएं, युवा और खुद के साथ दूसरों की भी बचाएं जान: इंस्पेक्टर दिनेश सिंह
जयपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और उन्हें जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनाने के उद्देश्य से खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुस्कान फाउंडेशन फॉर रोड सेफ्टी के सहयोग से खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज जयपुर एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रादेशिक परिवहन कार्यालय जयपुर में पदस्थापित सीनियर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा विषय पर व्याख्यान दिया।
इस कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जयपुर और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज फागी के विद्यार्थी भी शामिल हुए।
खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज के पूर्व छात्र सीनियर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश और राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए युवाओं से सड़क सुरक्षा को दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने सड़क पर अनुशासन बनाए रखने, हेलमेट का सही तरीके से उपयोग करने, कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सड़क पर प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी केवल अपनी सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
मुस्कान फाउंडेशन की ओर से समीर नैनावत और महेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा कानूनों, ट्रैफिक साइन और सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दी। वीडियो और प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक सड़क परिस्थितियों तथा दुर्घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम के आयोजन में खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष जी.पी. शर्मा, जनरल सेक्रेटरी दिनेश सैनी, सदस्य रघुनाथ सिंह और तारा सिंह का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं एलुमनाई एसोसिएशन की चेयरपर्सन विनोद जांगीड़ के मार्गदर्शन और रामकरण यादव के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सीनियर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा दिलाई और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संकल्प कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश