रक्षाबंधन से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, जोधपुर से जुड़ी 14 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 36 अतिरिक्त कोच

 


जोधपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। रक्षाबंधन और अगस्त के त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने जोधपुर मंडल से जुड़ी 14 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों में कुल 36 अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।

यह व्यवस्था 1 अगस्त से विभिन्न तिथियों तक लागू रहेगी। अतिरिक्त कोच लगने से हजारों यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और लंबी वेटिंग सूची में कमी आएगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर हितेश यादव ने बताया कि जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, जैसलमेर, वाराणसी सिटी और श्रीगंगानगर से संचालित कई प्रमुख ट्रेनों में मांग के अनुसार एक से तीन अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल हैं। कुछ ट्रेनों में एलएचबी एसी कोच और अतिरिक्त स्लीपर व जनरल सेकेंड क्लास कोच भी जोड़े जाएंगे।

इस निर्णय का लाभ जयपुर-जोधपुर, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-भगत की कोठी, जोधपुर-वाराणसी सिटी, जोधपुर-दादर, भगत की कोठी-दादर, जैसलमेर-साबरमती, साबरमती-जैसलमेर, श्रीगंगानगर-तिरुचिरापल्ली, बीकानेर/जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला राजस्थान संपर्क क्रांति सुपरफास्ट,मंडोर सुपरफास्ट तथा बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस सहित कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के यात्रियों को मिलेगा।

रेलवे के अनुसार अगस्त में रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और अन्य त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। इसी अतिरिक्त दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है,ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को आरक्षित सीट उपलब्ध कराई जा सके और यात्रा को सुगम बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव