अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9300 लीटर वॉश और 15 भट्टियां नष्ट
जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता के बीच प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए 9,300 लीटर वॉश और 15 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं, जबकि 65 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई।
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में ईपीएफ दल ने कार्रवाई करते हुए 600 लीटर वॉश और एक कच्ची भट्टी नष्ट की। मौके से 20 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई। जिले में एक अन्य कार्रवाई में लक्ष्मीनारायण नाहर ग्राम खत्ता में 3 हजार लीटर वॉश सहित तीन अवैध भट्टियां नष्ट की गईं।
इसी तरह भीलवाड़ा जिले के कुवांडा खान ग्राम कुवाड़ा में कोठारी नदी के पेटे में दबिश देकर 4 हजार लीटर वॉश और पांच भट्टियां नष्ट की गईं। यहां से 15 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी जब्त की गई।
वहीं बारां जिले के शाहबाद उपखंड में ग्राम गाड़ीघाट के समीप वन क्षेत्र में तलाशी के दौरान 1700 लीटर वॉश और छह अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 30 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद हुई।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश में अन्य राज्यों से शराब की तस्करी के साथ-साथ अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, निरीक्षक और आबकारी निरोधक दलों को प्रभावी निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित