प्रसूताओं की मौत और महिला अपराधों के विरोध में महिला कांग्रेस का पैदल मार्च
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। सरकारी अस्पतालों में प्रसूताओं की मौत और प्रदेश में महिलाओं व बच्चियों के साथ बढ़ते अपराधों के विरोध में महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को जयपुर में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ मार्च शहीद स्मारक पहुंचा, जहां महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। शहीद स्मारक पर धरने के दौरान कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिस पर महिला पुलिसकर्मियों से उनकी धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान एक महिला कार्यकर्ता सड़क पर गिर गई।
स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर प्रदर्शनकारी महिलाओं को सड़क से हटाया। कांग्रेस कार्यालय और शहीद स्मारक पर सुरक्षा के लिए पुलिस जाप्ता तैनात रहा तथा प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए बेरिकेडिंग की गई।
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था बदहाल है और सरकारी अस्पतालों में प्रसूताओं की मौत के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।
चौधरी ने भाजपा की महिला नेताओं पर भी इन मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार और सत्तारूढ़ दल के नेताओं को जवाब देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश