रसोई गैस किल्लत पर महिला कांग्रेस का हल्ला बोल, जयपुर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की
जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। जयपुर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर बुधवार को राजस्थान महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पीसीसी मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता सिर पर खाली सिलेंडर, अंगीठी और मिट्टी के चूल्हे लेकर सड़क पर उतरीं और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जैसे ही कार्यकर्ता संसार चंद्र रोड से आगे बढ़ीं, पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस की उपलब्धता जल्द सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सारिका सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं और महंगाई चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत विदेश और घरेलू नीतियों के कारण देश में हालात बिगड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि गैस के लिए लगी लाइनों में लोगों की मौत तक हो रही है।
सारिका सिंह ने राजस्थान की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संसाधनों के अभाव में लोगों को अब लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने की नौबत आ गई है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एलपीजी संकट को लेकर राज्य सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता रसोई गैस के लिए परेशान है और सरकार को सभी दलों के साथ मिलकर समाधान निकालना चाहिए।
जूली ने स्वास्थ्य सेवाओं और आरजीएचएस योजना की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भुगतान नहीं मिलने के कारण निजी अस्पतालों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे आमजन खासकर बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर सियासी माहौल गरमाता नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित