महारुद्र शक्तिपीठ ज्योतिष सनातन समागम 20 सितंबर को जयपुर में
जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। राजधानी के आमेर स्थित विश्व के एकमात्र तथा भारत के पहले महारुद्र शक्तिपीठ द्वारा आगामी सितंबर माह की 20 तारीख को ज्योतिष सनातन समागम 2026 का भव्यतम आयोजन किया जा रहा है।
शक्तिपीठ के संस्थापक सदस्य एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में ज्योतिष के विभिन्न आयामों पर विचार विमर्श, अनुभवी ज्योतिषाचार्य का उद्बोधन, सनातन संस्कृति एवं धर्म पर विशेष सत्र के साथ-साथ नेटवर्किंग एवं ज्ञानवर्धक संवाद तथा ज्योतिष के विविध क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य कर रहे आगंतुक विशिष्ट इक्यावन ज्योतिर्विदों का सम्मान भी किया जाएगा। सोनी ने बताया कि महारुद्र अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के इस एकदिवसीय अनूठे आयोजन को आमेर स्थित केके रॉयल होटल आमेर में प्रातः 10 बजे से विभिन्न सत्रों में प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों में महारुद्र शक्तिपीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताड़केश्वर शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश कुमार जांगिड़, सचिव अणुव्रत भारद्वाज एवं कोषाध्यक्ष मनीष सोनी ने सामूहिक रुप से यहां एक संक्षिप्त मीटिंग व व्यवस्थाओं की क्रियान्वयन हेतु चर्चा के दौरान कार्यक्रम का फोल्डर भी जारी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव