महर्षि नवल साहेब के 243वें जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा

 


जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। संत शिरोमणि महर्षि नवल साहेब महाराज के 243वें जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा महर्षि नवल आश्रम बाईजी का तालाब घोड़े का चौक से गाजे-बाजे और नवल साहेब के जयकारों के साथ रवाना हुई। यह शोभायात्रा सोजती गेट, दूध मंदिर, राज रणछोड़ दास मंदिर, जालोरी गेट, शनिश्चरजी का थान और तीसरी चौपासनी रोड स्थित गीता भवन होते हुए महर्षि नवल समाधि स्थल पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। समाधि स्थल पहुंचने पर महाआरती एवं प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मूल गुरु गादीपति सुनील महाराज ने श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि समाज की प्रगति और कल्याण के लिए शिक्षा और उच्च संस्कारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज के युवाओं को शिक्षित और चरित्रवान बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में श्री नवल नगर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संत विक्रम महाराज ने महर्षि नवल साहेब के चरणों में नमन करते हुए सर्व सुख की प्रार्थना की। प्रकोष्ठ के सचिव पारस घावरी ने आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश