महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक

 


अजमेर, 2 सितम्बर(हि.स.)। अग्रवाल समाज के आराध्य देव समाजवाद के प्रथम प्रणेता महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150 वीं जयंती इस बार 2 अक्टूबर से वाहन रैली और ध्वजारोहण के साथ शुरू होंगी और 13 अक्टूबर को भोजन प्रसादी के साथ संपन्न होंगी।

इस बार जयंती समारोह का विशेष आकर्षण युवा वर्ग की सहभागिता को देखते हुए भजन क्लबिंग का विशेष आयोजन होगा, जिसमें संगीत कलाकारों द्वारा विशेष लाइट और ओर्केस्ट्रा की धुन पर भजन गाये जायेंगे। इसके अलावा बच्चों के लिए मस्ती की पाठशाला और महिलाओं के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, म्यूजिकल हाउजी, महाराजा अग्रसेन पुरुष और महारानी माधवी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, श्री अग्रसेन मेला किसमें कितना है दम संगीत प्रतियोगिता, कॉमेडी शो, रक्तदान शिवि,र महाआरती, प्रभातफेरी, ड्राइंग एवं पेंटिंग, निबंध कैरम एवं चेस प्रतियोगिता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। भगवान अग्रसेन की शोभायात्रा 11 अक्टूबर को निकाली जाएगी जो केसरगंज से प्रारम्भ होकर अग्रसेन नगर समाप्त होंगी।

गौरतलब है कि जयंती धूमधाम से मनाने के लिए सकल अग्रवाल समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय किए गए। बैठक का आयोजन अग्रवाल पाठशाला सभा के सभागार में पाठशाला अध्यक्ष सीताराम गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें 150 से ज्यादा अग्र बंधु और महिलाओं ने भाग लिया। बैठक में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती मनाने के लिए अशोक पंसारी और लोकेश अग्रवाल को मुख्य संयोजक बनाया गया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिनेश प्रणामी, विष्णु मंगल, राकेश हटुका शैलेन्द्र अग्रवाल, राजेंद्र मित्तल को भी मुख्य संयोजक बनाया गया। इनके अतिरिक्त एक सौ से ज्यादा संयोजक बनाये गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष