2500 से भी अधिक स्वच्छता योद्धाओं ने संभाली स्वच्छता की कमान,एक ही दिन में 1406 टन कचरे का निस्तारण कर शहर को बनाया स्वच्छ
जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मानसून के बाद जयपुर शहर को स्वच्छ, सुन्दर एवं स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर का विषेष महास्वच्छता अभियान पूरी गति से आगे बढ़ रहा है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर आयोजित किए जा रहे स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर की थीम पर विशेष स्वच्छता अभियान के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को मुरलीपुरा एवं विद्याधर नगर के हर वार्ड, गली, मोहल्ले में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान का शुभारंभ सुबह 7 बजे अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल द्वारा स्वच्छता वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, उपायुक्त मुरलीपुरा जोन श्रद्धा सिंह, उपायुक्त विद्याधर नगर जोन भगवान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर की परिकल्पना को साकार करने के उद्देष्य से 7 सितम्बर तक 6 चरणों में विभिन्न जोनों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में आधुनिक मशीनरी और संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। जिससे कम समय में प्रभावी सफाई सुनिष्चित हो सके।
आयुक्त ने इस अवसर पर आमजन से अपील की कि शहर को स्वच्छ रखने में आमजन अपना योगदान दें। जागरूक नागरिक का कत्र्तव्य निभाये, खुले में कचरा ना फैंके। घर पर आने वाले हूपर में ही कचरा डाले।
मंगलवार को मुरलीपुरा एवं विद्याधर नगर जोन क्षेत्र में स्वच्छता योद्धाओं और मशीनरी की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों से जमा कचरा, गंदगी, मलबे को हटाया जगह-जगह बने ओपन कचरा डिपो को जेसीबी एवं डम्पर की सहायता से हटाया गया। जलभराव एवं जलनिकासी के स्थानों पर सुपर शुकर सहित संसाधनों का भी उपयोग किया गया। इस अभियान में महिला स्वच्छता योद्धाओं ने भी भागीदारी निभाई करीब 150 से भी अधिक महिला स्वच्छता योद्धाओं ने उत्साह के साथ शहर को स्वच्छ करने के लिये कमान संभाली। विद्याधर नगर जोन में इस अभियान के तहत लगभग 680 टन कचरा तथा मुरलीपुरा जोन क्षेत्र में लगभग 726 टन से भी अधिक कचरा हटाकर शहर को निखारने का कार्य किया। इसके साथ ही 25 अगस्त को प्रथम चरण में मानसरोवर एवं सांगानेर से लगभग 1440 टन कचरा एवं 27 अगस्त द्वितीय चरण के अन्तर्गत किशनपोल एवं हवामहल जोन क्षेत्र से लगभग 1676 टन कचरा नगर निगम की टीमों द्वारा साफ किया गया। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के लिये फोगिंग मशीनों से कीटनाशक छिड़काव भी किया गया।
इस अभियान के तहत 2500 से भी अधिक स्वच्छता योद्धाओं द्वारा शहर को स्वच्छ करने के साथ-साथ करीब 5 दर्जन से भी अधिक संसाधनों को मैदान में उतारा गया जिसमें 16 जेसीबी, 22 डम्पर, 21 ट्रेक्टर, ट्राली, 4 लिटर पीकर मशीन, 4 फोगिंग मशाीन, 4 लेवलर, 11 हूपर, 1 रोड़ स्वीपर को बेडे में शामिल कर शहर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने के लिये पूरी ताकत झोकी।
इसके साथ ही नगर निगम की होर्डिग टीमों द्वारा भी आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिष्चित करने हेतु 6500 बड़े होर्डिग, बैनर, 10 हजार पोस्टर, बैनर तथा 50 गेट्री हटाई जा चुकी है।
अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल ने बताया कि आगामी अभियान 3 सितम्बर को झोटवाड़ा व वैषाली नगर जोन, 5 सितम्बर को सिविल लाईन एवं आदर्श नगर जोन एवं 7 सितम्बर को जगतपुरा, झालाना व मालवीय नगर जोन में प्रातः 7.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश