पंचायत चुनाव में भाजपा की हार पर बोले मंत्री दिलावर- जनादेश सिरोधार्य, पार्टी करेगी मंथन

 


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के पंचायत चुनाव परिणामों में भाजपा को कई क्षेत्रों में झटका लगने के बाद अब पार्टी के भीतर हार के कारणों पर मंथन की बात सामने आने लगी है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत चुनावों के परिणाम को जनता का आदेश बताते हुए कहा कि भाजपा जनादेश का स्वागत करती है और पार्टी गंभीरता से विचार करेगी कि कहां कमी रही, ताकि उसमें सुधार किया जा सके।

पंचायत चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन और भाजपा के कमजोर परिणामों को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलावर ने कहा कि जो जनादेश मिला है, वह शिरोधार्य है। पार्टी जनता के आदेश का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस पर गंभीरता से विचार और मंथन करेगी तथा जहां कमी रही है, उसे सुधारने का प्रयास किया जाएगा।

पंचायत चुनावों में कई नेताओं के परिजनों की हार के बाद भाजपा में भी परिवारवाद को बढ़ावा देने के सवाल पर मंत्री दिलावर ने इसे खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़ी संख्या में परिवार के लोगों को टिकट नहीं दिए हैं। हालांकि यदि कोई कार्यकर्ता राजनीति में रुचि रखता है और जनता की सेवा करना चाहता है तो उसके राजनीति में आने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

पंचायत चुनाव के नतीजों को सरकार के खिलाफ जनादेश मानने के सवाल पर दिलावर ने इससे असहमति जताई। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर के चुनाव छोटे और व्यक्तिगत चुनाव होते हैं। इनमें पार्टी के आधार पर कम और प्रत्याशी के व्यक्तिगत प्रभाव के आधार पर अधिक मतदान होता है। इसलिए इन परिणामों को सीधे सरकार के खिलाफ जनादेश के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

पंचायत चुनाव में तीसरे मोर्चे और अन्य दलों के प्रदर्शन पर दिलावर ने कहा कि हर व्यक्ति और दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है और उसे चुनाव लड़ना भी चाहिए। किसे वोट देना है और किसे जीताना है, इसका फैसला जनता करती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में अंततः जनादेश जनता ही देती है।

बूंदी और झालावाड़ में सामने आए चुनावी परिणामों के आधार पर कोटा और बारां में भी इसी तरह के परिणाम आने की संभावना के सवाल पर दिलावर ने कहा कि इसका पता मतदान पेटियां खुलने के बाद ही चलेगा। हालांकि कोटा को लेकर उन्होंने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी अपनी जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है।

पंचायत चुनाव के परिणामों के बाद मंत्री दिलावर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा के सामने अब हार के कारणों की समीक्षा और संगठन को मजबूत करने की चुनौती है। दिलावर ने साफ संकेत दिया कि पार्टी परिणामों को नजरअंदाज करने के बजाय कहां कमी रही, इसका मंथन कर उसमें सुधार का प्रयास करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित