शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का डोटासरा पर हमला, बोले— अंग्रेजी माध्यम के नाम पर बच्चों के भविष्य से किया खिलवाड़
जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को कोटा जिले के दौरे के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि डोटासरा ने अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के नाम पर प्रदेश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखावा में नव-निर्मित कक्षाओं के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए दिलावर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने पूरे प्रदेश में नए अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने का दावा किया, जबकि वास्तविकता यह थी कि पहले से संचालित हिंदी माध्यम स्कूलों पर केवल अंग्रेजी माध्यम के बोर्ड लगा दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक नियुक्त किए गए और न ही आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस निर्णय से हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम के विद्यार्थियों को नुकसान हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अंग्रेजी भाषा या किसी भी अन्य भाषा के विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं विकसित किए अंग्रेजी माध्यम लागू करना छात्रों के हित में नहीं था।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार करते हुए मदन दिलावर ने गोविंद सिंह डोटासरा को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति उनके खिलाफ या शिक्षा विभाग में उनके कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित कर दे, तो वे उसी दिन राजनीति छोड़ देंगे।
उन्होंने कहा कि यदि उनके स्टाफ या विभाग के किसी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के ठोस प्रमाण मिलते हैं तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
दिलावर ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिक्षकों के एक सम्मेलन में मंच से पूछा था कि क्या डोटासरा तबादलों के लिए पैसे लेते हैं। उनके अनुसार, उस समय मौजूद शिक्षकों ने इसका समर्थन किया था। शिक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि डोटासरा के कार्यकाल में तबादला उद्योग फल-फूल रहा था और अब वही लोग वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित