लूणी पंचायत समिति के बीडीओ पर लगे आरोपों की होगी जांच

 


जिला परिषद सीईओ ने तीन सदस्यीय कमेटी बनाई, बैक डेट में लेटर जारी किया

जोधपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। पंचायत समिति लूणी के विकास अधिकारी कंवर लाल पर कथित रूप से बेक डेट में लेटर भेजकर कर प्रशासनिक अनियमितता करने के आरोपों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

जिला परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीलम लखारा करेंगी। समिति में प्रशासनिक अधिकारी मदन लाल मीणा तथा वरिष्ठ सहायक राजकुमार इसरानी को सदस्य बनाया गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जांच समिति को निर्देश दिए हैं कि वह प्रकरण से जुड़े समस्त अभिलेखों, पत्राचार एवं उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सोहन लाल पंवार ने आरोप लगाया है कि विकास अधिकारी कार्यालय द्वारा एक पत्र पर 22 मई 2026 की तिथि अंकित की गई, जबकि उक्त पत्र उन्हें 1 जून 2026 को डाक के माध्यम से भेजा गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वास्तविक रूप से पत्र एक जून को तैयार किया गया, लेकिन उस पर पूर्व दिनांक अंकित कर अभिलेखों में अनियमितता दर्शाई गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में अधिकांश शासकीय पत्राचार राजकाज प्रणाली के माध्यम से किया जाता है, जबकि संबंधित पत्र साधारण माध्यम से भेजा गया। साथ ही, शिकायतकर्ता का दावा है कि उक्त पत्र ऑनलाइन पोर्टल पर 3 जून 2026 को अपलोड किया गया, जिसे उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में महत्वपूर्ण तथ्य बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश