ज्वर से पीड़ित हुए जगन्नाथ प्रभु करेंगे 15 दिन विश्राम
जयपुर, 30 जून (हि.स.)। छोटीकाशी के विभिन्न जगन्नाथ मंदिरों में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ महाप्रभु, बलभद्र और माता सुभद्रा अनवसरा काल यानी 15 दिन के विश्राम में चले गए। परंपरा के अनुसार इस अवधि में भगवान को ज्वर से पीड़ित मानकर उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष उपचार की व्यवस्था की जाती है।
इस दौरान मंदिरों में भक्तों के दर्शन बंद रहेंगे। भगवान के स्वास्थ्य लाभ के लिए वैद्य नियुक्त किए गए हैं, जो प्रतिदिन पारंपरिक आयुर्वेदिक काढ़ा तैयार कर भगवान को अर्पित करेंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस उपचार से भगवान पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः भक्तों को दर्शन देते हैं।
परंपरा के अनुसार मंदिर आगामी 15 जुलाई तक बंद रहेगा, जबकि उसी दिन नेत्रोत्सव दर्शन के माध्यम से भगवान पुनः भक्तों को दर्शन देंगे। इसके अगले दिन 16 जुलाई को शाम 5 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा गोविंद देवजी मंदिर से रथ पर आरूढ़ होकर भक्तों को दर्शन देने प्रस्थान करेंगे। प्रताप नगर स्थित श्री राधारमण खाटू श्याम मंदिर परिसर के जगन्नाथ मंदिर सहित छोटीकाशी के अन्य मंदिरों में भी यही भावपूर्ण परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश