लोकसभा के आंकड़ों का हवाला देकर गहलोत का भाजपा पर हमला, बोले- कांग्रेस राज में राजस्थान हरियाली बढ़ाने में देश में चौथे स्थान पर रहा
जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार की ओर से लोकसभा में पेश किए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि भारत वन स्थिति रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 के अनुसार कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राजस्थान के वन एवं वृक्ष आवरण में 394.46 वर्ग किलोमीटर की बढ़ोतरी हुई, जिससे प्रदेश देशभर में चौथे स्थान पर रहा।
गहलोत ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि पर्यावरण मंत्रालय द्वारा 20 जुलाई 2026 को लोकसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार राजस्थान का वन एवं वृक्ष आवरण 26,995 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 27,389 वर्ग किलोमीटर हो गया। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि जिस प्रदेश का दो-तिहाई हिस्सा थार मरुस्थल है, वहां हरित क्षेत्र में इतनी वृद्धि होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने दावा किया कि देश में कुल बढ़े हरित क्षेत्र का 27 प्रतिशत से अधिक योगदान अकेले राजस्थान का रहा, जबकि भाजपा शासित मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 612 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र की कमी दर्ज हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय कांग्रेस सरकार की घर-घर औषधि योजना, मनरेगा के तहत व्यापक पौधारोपण, वन विभाग को पर्याप्त बजट और आमजन की भागीदारी को दिया। उन्होंने किसानों, महिलाओं, मनरेगा श्रमिकों और वनकर्मियों का आभार भी जताया।
गहलोत ने वर्तमान भाजपा सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में प्रस्तुत एक अन्य आंकड़े के अनुसार वर्ष 2025-26 में 11.57 करोड़ पौधे लगाने का दावा किया गया, लेकिन इनमें से केवल 1.69 करोड़ पौधों का ही सत्यापन हो सका। जबकि पौधारोपण पर 127.78 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पौधे कहां गए, इसकी जांच होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित