अजमेर, किशनगढ़ और पुष्कर में मतदान शांतिपूर्ण रहा
अजमेर, 11 सितम्बर(हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण में शुक्रवार को अजमेर, किशनगढ़ और पुष्कर में मतदान पूर्ण रूप से शांति के साथ सम्पन्न हो गया। पुष्कर में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा, किशनगढ़ और अजमेर में भी मतदान 70 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है।
प्रदेश के दूसरे सबसे ऊंचे तारागढ़ मतदान केंद्र पर 95 प्रतिशत मतदान हुआ । अजमेर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में दरगाह और अन्य जगहों पर जुमे की नमाज के बाद मतदाताओं की कतारें बढ़ी। लोगों ने जमकर मतदान कर अपने लिए प्रतिनिधि चुना।
अजमेर में मतदान सुबह अपेक्षाकृत धीमा रहा, लेकिन दोपहर बाद मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। किशनगढ़ और पुष्कर में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह और मतदान में तेजी दिखाई दी।
वहीं दोपहर 3 बजे तक अजमेर में 48.48 प्रतिशत, किशनगढ़ में 60.19 प्रतिशत और पुष्कर में सर्वाधिक 70.80 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
सुबह 10 बजे जिले के तीनों निकाय क्षेत्रों में कुल मतदान 15.92 प्रतिशत था, जो दोपहर 1 बजे बढ़कर 38.33 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 51.69 प्रतिशत पहुंच गया। सुबह 10 बजे तक अजमेर में 14.58 प्रतिशत, किशनगढ़ में 19.33 प्रतिशत और पुष्कर में 24.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 1 बजे तक अजमेर में 35.61 प्रतिशत, किशनगढ़ में 45.34 प्रतिशत और पुष्कर में 56.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
अजमेर के दरगाह क्षेत्र में शुक्रवार को जुमे की नमाज के कारण सुबह मतदान की रफ्तार कुछ धीमी रही। नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों की ओर पहुंचे, जिससे क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में तेजी देखने को मिली। मतदान केंद्रों के आसपास मतदाताओं की आवाजाही बढ़ने से दोपहर बाद माहौल काफी सक्रिय नजर आया।
मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से माकूल व्यवस्थाएं की गई। मतदान केंद्रों के आसपास की दुकानें बंद रहीं। प्रत्याशियों की टेबल भी मतदान केंद्रों से निर्धारित 200 मीटर की दूरी पर लगाई गई। पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे और मतदान केंद्रों के आसपास भीड़ को नियंत्रित किया। दिनभर कुछ स्थानों पर प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच छिटपुट नोकझोंक की घटनाएं भी सामने आई। किशनगढ़ में एक निर्दलीय प्रत्याशी के साथ मारपीट की घटना की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुष्कर में लोकतंत्र के प्रति अलग ही उत्साह देखने को मिला। एक निर्दलीय प्रत्याशी ने बच्चे को जन्म देने के बाद अपने मताधिकार का उपयोग किया। प्रसव के बाद मतदान करने पहुंची प्रत्याशी की तस्वीर और उनका जज्बा लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
शुक्रवार को तेज धूप के कारण मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें बढ़ती गईं। खासकर पुष्कर और किशनगढ़ में मतदान की रफ्तार काफी तेज रही। शाम तक मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई।
राजस्थान के दूसरे सबसे उंचे मतदान बूथ तारागढ़ (अजमेर) स्थित 2855 फीट ऊंचाई पर बसे मतदान केंद्र के लिए बहुत ही ऐतिहासिक और रिकॉर्ड मतदान हुआ ।
इस मतदान केंद्र के जोनल मजिस्ट्रट रवि कुमार गोयल ने बताया की:कुल मतदाता 1,211 है। कुल मतदान: 1,150, मतदान प्रतिशत: 95.61 प्रतिशत रहा। दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में 95.61 प्रतिशत मतदान होना लोकतंत्र की एक बेहद खूबसूरत और मजबूत तस्वीर पेश करता है।
निकाय चुनाव में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, विधायक अनीता पटेल जिला कलेक्टर लोक बंधु और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉक्टर राजकुमार जयपाल और भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने अपने-अपने बूथ पर मताधिकार का उपयोग किया।
प्रत्याशियों का भाग्य तो ईवीएम में बंद हो गया लेकिन मतदान खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस की निगाहें अब ईवीएम के साथ-साथ उन बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों पर टिक गई हैं, जिन्होंने टिकट नहीं मिलने के बाद दोनों प्रमुख दलों की चुनावी गणित को कई वार्डों में उलझा दिया है। कई वार्डों में मुकाबले को त्रिकोणीय और कहीं-कहीं बहुकोणीय बनाने वाले ये प्रत्याशी अब सिर्फ चुनावी मैदान के उम्मीदवार नहीं, बल्कि परिणाम आने के बाद संभावित 'किंगमेकर' के रूप में देखे जा रहे हैं। कांग्रेस से बनवारी लाल शर्मा, वाहिद मोहम्मद, हितेश्वरी टांक, श्रवण टोनी, मोनिका कच्छावा, रेखा पींगोलिया, कैलाश कोमल और सिकंदर खान जैसे बागियों ने पार्टी प्रत्याशियों के सामने चुनौती खड़ी की। वहीं भाजपा से संध्या काबरा, हेमा गहलोत, अरुण शर्मा, रूप किशोर, सीमा गोस्वामी, हरेंद्र यादव 'बाबा', रूबी जैन और धर्मेंद्र सिंह पंचम जैसे बागी भी अपने-अपने वार्डों में मुकाबले को रोचक बना चुके हैं। इनमें से कौन बाजी मारेगा यह तो 14 सितम्बर को परिणाम ही बताएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष