विशेष निरोधात्मक अभियान में कई जिलों में दबिश देकर शराब, भट्टियां और वॉश जब्त
जयपुर, 01 मई (हि.स.)। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार एक मई से 15 मई 2026 तक संचालित इस राज्यव्यापी अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और दबिश की सघन कार्रवाई करते हुए विभिन्न जिलों में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ व्यापक कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में हजारों लीटर वॉश नष्ट किया गया, अवैध शराब जब्त की गई तथा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अभियोग दर्ज किए गए। बांसवाड़ा जिले के आबकारी थाना क्षेत्र बांसवाड़ा एवं कुशलगढ़ क्षेत्र में की गई दबिश कार्रवाई में विभागीय टीम ने लगभग 2 हजार लीटर वॉश नष्ट किया। साथ ही 42 बोतल अवैध हथकढ़ शराब जब्त की गई।
इस कार्रवाई में दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
इसी प्रकार निम्बाहेड़ा क्षेत्र में गश्त और दबिश के दौरान 100 लीटर वॉश तथा एक चालू चूल्हा भट्टी को नष्ट किया गया। यहां से 10 बोतल अवैध हथकढ़ शराब बरामद कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ जिले के हथकढ़ प्रभावित क्षेत्र अमरपुरा थेड़ी से ढालिया में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से परिवहन की जा रही 55 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त की गई।
वहीं ब्यावर जिले में आबकारी निरोधक दल द्वारा की गई कार्रवाई में 200 लीटर वॉश नष्ट किया गया तथा 27 बोतल अवैध हथकढ़ शराब बरामद की गई।
इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही की गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध मदिरा कारोबार के विरुद्ध यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
प्रदेशभर में चल रही इस व्यापक कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित