निजी अस्पताल में इलाज के दौरान लाइनमैन की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

 


अजमेर, 19 मार्च (हि.स.)। कृष्णगंज थाना क्षेत्र के पंचशील इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बिजली विभाग के एक लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों ने गुरुवार को अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान विजय सिंह (39), निवासी ब्यावर के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार 13 मार्च को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पंचशील स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का आरोप है कि 14 मार्च को अस्पताल की लापरवाही के कारण विजय सिंह बेड से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना परिजनों को करीब एक घंटे बाद दी गई। इसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया और 15 मार्च को ऑपरेशन किया गया, लेकिन 18 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जाब्‍ता तैनात किया गया।

विरोध बढ़ने पर एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़, एडिशनल एसपी खान मोहम्मद, सीओ शिवम जोशी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश कर मामला शांत कराया।

एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

मृतक के साले दलपत सिंह के अनुसार, परिजनों ने शुरुआत में शव लेने से इनकार कर दिया था। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आर्थिक मुआवजे की मांग को लेकर कृष्णगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विजय सिंह अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित