आंगन में खेल रहे दाे चचेरे भाइयों पर गिरी आकाशीय बिजली, एक ने तोड़ा दम, दूसरा गम्भीर

 


डूंगरपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मानसून की पहली तेज गर्जना क्षेत्र के एक परिवार के लिए काल बनकर आई। जिले के धंबोला थाना क्षेत्र के मांडवा गांव में गुरुवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसमें एक मासूम बच्चे की जान चली गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भचडीया के गाँव मांडवा निवासी राजदीप (12) पुत्र बाबूलाल डामोर और हर्षित (8) पुत्र रामलाल डामोर नामक दो मासूम बच्चे गुरुवार शाम को अपने घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जना हुई और अचानक दोनों बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।

हादसे के तुरंत बाद बदहवास परिजन और स्थानीय ग्रामीण दोनों बच्चों को लेकर पीठ स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने राजदीप की हालत को बेहद गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया जिस पर परिजन उसे तत्काल गुजरात के मोडासा स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे राजदीप ने शुक्रवार को उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे बालक हर्षित का पीठ के निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

राजदीप की असमय मौत की खबर जैसे ही मांडवा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को प्राकृतिक आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मृतक छात्र राजदीप अपने दो भाइयों में बड़ा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष