उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर बाकी शहरों में थम जाएगी बारिश
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में तेज बारिश का दौर थमने लग गया है। शुक्रवार को प्रदेश के 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश अलवर के टहला में 64 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा दो अन्य शहरों में भी दो इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। आगामी समय में उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर बाकी शहरों में बारिश का दौर थम जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भीलवाड़ा, वनस्थली, कोटा, उदयपुर, डूंगरपुर, जालोर, करौली, अलवर, खेरथल-तिजारा, सिरोही, राजसमंद, डीग, दौसा सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई। खैरथल तिजारा में 60 और डीग के नगर में 47 मिमी बारिश हुई। अलवर और आसपास के इलाकों में सुबह तेज बारिश हुई। इस दौरान जिला अस्पताल समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे। बादलों के बीच से धूप भी खिली। जयपुर के दिन के पारे में एक डिग्री की गिरावट तो वहीं रात के पारे में 2 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है। बीसलपुर बांध मेेंं आया दो सेंटीमीटर पानी बीसलपुर बांध में शुक्रवार को 2 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई। इससे बीसलपुर बांध का जलस्तर बढ़कर 313.96 आरएलमीटर हो गया। वर्तमान में त्रिवेणी 3 मीटर की ऊंचाई पर बह रही है। चित्तौडग़ढ़-भीलवाड़ा तेज बारिश के चलते बनास नदी से बांध में पानी की आवक बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश