बारिश का दौर थमने से चढऩे लगा प्रदेश के शहरों का पारा

 


जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में मानसून कमजोर पडऩे से बारिश की गतिविधियां थम गई है। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों के पारे में उछाल आने लगा है। पारे में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 20 से 22 अगस्त के बीच जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ शहरों में हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बारां, प्रतापगढ़ और कोटा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। 39.8 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 29.9 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही। जयपुर के दिन के पारे में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी और रात के पारे में 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और धूप खिली।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में गंगिया पश्चिम बंगाल, झारखंड व बिहार की ओर आगे बढऩे लगा है। मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर (फिरोजपुर, मुजफ्फरनगर, पटना व अवदाब) से होकर गुजर रही है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 2 दिन बारिश के गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में 20 से 23 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश होने व शेष भागों में कमजोर बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 4 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने व अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश