शराब की दुकान में घुसा लेपर्ड, तीन लोगों पर किया हमला, 5 घंटे बाद रेस्क्यू
टोंक, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के टोडारायसिंह कस्बे में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लेपर्ड आबादी क्षेत्र में घुस आया और तीन लोगों पर हमला कर दिया। लेपर्ड के हमले में वन मित्र सहित तीन लोग घायल हो गए। बाद में लेपर्ड एक शराब की दुकान में घुस गया, जहां मौजूद सेल्समैन ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान का शटर बंद कर उसे अंदर ही कैद कर दिया। सूचना मिलने पर जयपुर के झालाना से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद लेपर्ड का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह वन मित्र राकेश को कस्बे में झाड़ियों के पास लेपर्ड दिखाई देने की सूचना मिली। राकेश मौके पर पहुंचे तो लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद लेपर्ड वहां से निकलकर करीब 400 मीटर दूर स्थित शराब की दुकान की ओर पहुंच गया। रास्ते में उसने दुकान के बाहर बैठे फतेह लाल कोली (40) पर हमला कर दिया और फिर सीधे ठेके के अंदर घुस गया, जहां उसने सेल्समैन संजय गुर्जर (25) को भी घायल कर दिया।
हमले के दौरान संजय गुर्जर ने किसी तरह अपनी जान बचाई और तत्काल दुकान का शटर बंद कर दिया, जिससे लेपर्ड अंदर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और मौके पर हड़कंप मच गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वन मित्र राकेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि संजय गुर्जर और फतेह लाल कोली को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
मालपुरा डीएसपी आशीष प्रजापति ने बताया कि सेल्समैन की सूझबूझ से लेपर्ड दुकान के अंदर ही बंद हो गया था। इसके बाद वन विभाग की विशेष टीम को जयपुर से बुलाया गया। टीम ने दोपहर में लेपर्ड को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। घटना के बाद कस्बे में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित