40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ा लेपर्ड, 5वीं कोशिश में हुआ ट्रैंकुलाइज; साढ़े 3 घंटे चला रेस्क्यू
कोटा, 08 सितंबर (हि.स.)। कोटा के छत्र विलास स्थित बड़े सार्वजनिक पार्क में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लेपर्ड अचानक पार्क में घुस आया। सुबह करीब 6 बजे नजर आए लेपर्ड ने देखते ही देखते 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर अपना ठिकाना बना लिया। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए वन विभाग की टीम को करीब साढ़े तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
लेपर्ड को नीचे लाने के लिए वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश शुरू की। पहली चार कोशिशें पेड़ की घनी शाखाओं के कारण सफल नहीं हो सकीं। इसके बाद टीम ने क्रेन की मदद से ऊंचाई हासिल की और करीब 10 फीट की दूरी से पांचवीं बार निशाना साधा, जो कामयाब रहा।
ट्रैंकुलाइज करने वाली डार्ट लेपर्ड के पेट में लगी। करीब 20 मिनट बाद उसका असर हुआ और लेपर्ड बेहोश होकर नीचे लगाए गए जाल में जा गिरा। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
25 सदस्यीय टीम ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू अभियान में दो चिकित्सकों के साथ सीसीएफ, दो एसीएफ सहित करीब 25 सदस्यीय टीम जुटी रही। वन विभाग ने इससे पहले लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया था, लेकिन वह उसमें कैद नहीं हुआ था।
डीएफओ प्रमोद धाकड़ के अनुसार, संभावना है कि यह वही लेपर्ड है, जिसे कुछ दिन पहले माल रोड स्थित आर्मी क्षेत्र और स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के आसपास देखा गया था। वन विभाग अब लेपर्ड का चिकित्सकीय परीक्षण कराएगा। इसके बाद उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़े जाने की प्रक्रिया की जाएगी।
पेड़ की ऊंचाई, घनी शाखाएं और नीचे मौजूद लोगों की सुरक्षा के बीच वन विभाग के लिए यह रेस्क्यू किसी चुनौती से कम नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित