घर के बाहर बैठी 75 वर्षीय महिला पर लेपर्ड का हमला

 


बांसवाड़ा, 01 नवंबर (हि.स.)। जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजकुंड गांव में लेपर्ड के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घर के बाहर चारपाई पर बैठी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव हो गए। उनकी हालत गंभीर होने पर बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। महिला के शरीर पर करीब 50 टांके आए हैं।

जानकारी के अनुसार, सूरजकुंड गांव निवासी कस्तुरी पत्नी नाथीया डामोर अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक वहां लेपर्ड पहुंच गया और महिला पर हमला बोल दिया। हमले से पहले महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

लेपर्ड ने महिला के सिर, चेहरे, दोनों आंखों के आसपास, हाथों और पैरों पर पंजों से कई वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की हलचल के बाद लेपर्ड वहां से जंगल की ओर भाग गया।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके शरीर पर कई गहरे घाव हो गए।

परिजन घायल महिला को निजी वाहन से कुशलगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।

घटना के बाद गांव में लेपर्ड की आवाजाही को लेकर भय का माहौल है। घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला पर हुए हमले ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को आशंका है कि लेपर्ड की मौजूदगी से अन्य लोगों और मवेशियों पर भी खतरा बना रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित