जयपुर में कब—कहां, किसकी हत्या हो जाए पता नहीं : खाचरियावास
जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। करधनी थाना इलाके में हिस्ट्रीशीटर की गैंगवार में हुई हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जयपुर में 40 से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं और राजधानी में हत्या, लूट, चोरी, अपहरण व वसूली की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी है, ऐसे में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी से वे कैसे बच सकते हैं।
खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की सुरक्षा करना सरकार के लिए अलग बात है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल आम आदमी की सुरक्षा का है। आज जयपुर में न दुकानदार सुरक्षित है, न व्यापारी और न ही आम परिवार। कब, कहां और किसकी हत्या हो जाए, किसी को पता नहीं है। वारदात के बाद पुलिस कुछ समय सक्रिय दिखाई देती है, लेकिन फिर दूसरी घटना हो जाती है। करधनी में हिस्ट्रीशीटर की हत्या कोई पहली घटना नहीं है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि राजस्थान की जेलों में बंद अपराधी भीतर बैठकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलवा रहे हैं। प्रदेश में खुलेआम वसूली का खेल चल रहा है और माफिया बेखौफ घूम रहे हैं। सोशल मीडिया पर गैंग बनाने और गैंग के नाम से पोस्ट डालने का सिलसिला जारी है, लेकिन पुलिस की प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पुलिस क्या कर रही है। पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है और अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है।
खाचरियावास ने पुलिस के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जयपुर के थानों में जाने से आम आदमी डरता है। शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार उचित नहीं होता। पत्रकारों के साथ भी पुलिस का रवैया ठीक नहीं है। पुलिस की जवाबदेही तय होनी चाहिए और आम आदमी को न्याय एवं सुरक्षा का भरोसा मिलना चाहिए। वर्तमान हालात में जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए खाचरियावास ने महिला अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि गैंगवार के मामलों में राजस्थान पहले स्थान पर है और पिछले तीन वर्षों में अपराध के आंकड़ों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान नंबर वन है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों को जनता की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए, लेकिन सरकार का ध्यान दूसरे मुद्दों पर अधिक है।
खाचरियावास ने मुख्यमंत्री के दौरों पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कभी थड़ी पर चाय-समोसे खाते दिखाई देते हैं तो कभी पूरे लवाजमे के साथ दीपावली की रोशनी देखने निकलते हैं, लेकिन आम आदमी की सुरक्षा का सवाल अनुत्तरित है। करधनी की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस का एक्शन कम नजर आता है। उन्होंने कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री के सुरक्षा दस्ते से जुड़े हादसे में घायल हुई बच्ची का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आज तक उससे मिलने नहीं पहुंचे।
खाचरियावास ने यूसीसी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार यूसीसी के नाम पर जातियों के बीच विवाद पैदा करना चाहती है। एससी-एसटी वर्ग के लोगों ने भी यूसीसी की मांग नहीं की है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक जाति का आंदोलन नहीं, बल्कि स्वाभिमान का मुद्दा है, जिसमें सामान्य वर्ग, मुस्लिम और अन्य जातियों के लोग भी शामिल हैं। एससी, एसटी और ओबीसी के बीच कोई विवाद नहीं है, लेकिन सरकार यूसीसी के जरिए आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है।
सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि सोनिया गांधी की किताब से सरकार डर जाती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मंत्री जवाहर सिंह बेढम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनसे कानून व्यवस्था की बात करो तो वे दूसरे मुद्दे पर चले जाते हैं और पंचायत चुनाव की बात करने पर लोकसभा चुनाव की चर्चा करने लगते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश