एपीओ भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष कक्षाओं का शुभारंभ
जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सहायक लोक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष कक्षाओं का गुरुवार से शुभारंभ किया गया। इन कक्षाओं का उद्देश्य अभ्यर्थियों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बुद्धाराम चौधरी ने बताया कि सितंबर माह में प्रस्तावित एपीओ भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों की बेहतर तैयारी के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि कक्षाओं में अनुभवी अधिवक्ता एवं विषय विशेषज्ञ परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों का गहन प्रशिक्षण देंगे तथा परीक्षा की रणनीति और अध्ययन पद्धति पर भी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि विशेष कक्षाओं में बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता एवं एपीओ भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। एसोसिएशन का उद्देश्य युवा अधिवक्ताओं और अभ्यर्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराकर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में सहायता करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश