लघु उद्योग भारतीने बीकानेर के रेलवे परिवहन विस्तार के लिए रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन
बीकानेर, 25 जून (हि.स.)। लघु उद्योग भारती, बीकानेर द्वारा बीकानेर क्षेत्र की रेलवे परिवहन क्षमता में वृद्धि एवं औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा बीकानेर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को पत्र प्रेषित किया गया है।
लघु उद्योग भारती के जाेधपुर प्रांत अध्यक्ष बालकिशन परिहार ने बताया कि अपने पत्र में उल्लेख किया कि बीकानेर संभाग राजस्थान का एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां से देश के विभिन्न राज्यों के लिए कच्चे माल एवं तैयार उत्पादों का नियमित परिवहन होता है, किंतु वर्तमान रेलवे सुविधाएं उद्योगों एवं व्यापारियों की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं।
संगठन ने मांग की है कि बीकानेर से प्रमुख महानगरों एवं औद्योगिक क्षेत्रों के लिए रेल सेवाओं का विस्तार किया जाए, मालगाड़ियों की संख्या में वृद्धि की जाए तथा रेलवे माल परिवहन सुविधाओं को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाया जाए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के उद्योगों को रेलवे से जोड़ने हेतु आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने का भी आग्रह किया गया है।
लघु उद्योग भारती का मानना है कि रेलवे परिवहन सुविधाओं के विस्तार से न केवल बीकानेर के उद्योगों एवं व्यापार को नई गति मिलेगी, बल्कि रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी तथा क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
संगठन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं सांसद अर्जुनराम मेघवाल से इस विषय पर सकारात्मक कार्रवाई कर बीकानेर की रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव